शत-प्रतिशत ई-केवाईसी के लिए गांव-गांव लगाएं शिविर: नेगी
नई टिहरी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में रसोई गैस (एलपीजी) वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और कनेक्शन ई-केवाईसी कराने को लेकर एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी अध्यक्षता में पूर्ति विभाग और गैस एजेंसी के प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम नेगी ने गैस उपभोक्ताओं की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी के लिए गांव-गांव शिविर लगाए जाने और धीमी प्रगति वाली एजेंसियां कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय में काम पूरा करने को कहा।
शनिवार को कलेक्ट्रेट में मय बैठक में एडीएम नेगी ने छह माह से गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं का ब्योरा उपलब्ध कराने और ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सिलिंडर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धीमी प्रगति वाली एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो। बैठक में निर्धारित रोस्टर के अनुसार सिलिंडर वितरित करने, वितरण की तिथि और समय की सूचना उपभोक्ताओं को पहले देने को कहा।
गैस सिलिंडर की घटतौली, वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी