लक्सर में खाले से युवक का शव मिलने से सनसनी, एक साथी हिरासत में, दूसरा फरार

 

हरिद्वार, 05 अगस्त (हि.स.)। जनपद के लक्सर क्षेत्र के खानपुर थाना अंतर्गत न्यामतपुर गांव में एक 22 वर्षीय युवक का शव पानी से भरे खाले में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक के साथ गए दो साथियों में से एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरा युवक फरार बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यामतपुर निवासी उदित (22 वर्ष), पुत्र रणवीर सिंह बुधवार को गांव के ही दो युवकों के साथ पास में बह रहे खाले की ओर गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसी बीच गांव के कुछ बच्चों ने सूचना दी कि उदित खाले के पानी में पड़ा हुआ है। ग्रामीण तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी सूरत शर्मा ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने बताया कि युवक के साथ गए दो युवकों में से एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरा युवक फरार है।

घटना के बाद न्यामतपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला