कांग्रेस 23 नवंबर को राज्यपाल को सौंपेगी ज्ञापन गंभीर आरोप
पौड़ी गढ़वाल, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को पौड़ी पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पौड़ी जनपद प्रभारी धीरेंद्र प्रताप ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में धांधली, बदहाल शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से जनता में आक्रोश है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। जिला मुख्यालय पौड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता में धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है।
पौड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 20 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद 23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में देहरादून में राज्यपाल को लाखों हस्ताक्षर सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए जनता की आवाज और प्रदेश से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को राज्यपाल के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
धीरेंद्र प्रताप ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं। रेखा आर्य और धन सिंह रावत समेत सरकार के कई मंत्रियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इन आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में जनता लगातार न्याय की मांग कर रही है। कांग्रेस की मांग है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जिन लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, वहीं भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोप युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की स्थिति चिंताजनक है और ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को बड़े अस्पतालों के लिए रेफर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है।
अग्निवीर योजना पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हितों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद सरकार को अग्निवीर भर्ती से जुड़े कुछ निर्णयों में बदलाव करना पड़ा। इसके बावजूद कांग्रेस पुरानी सैन्य भर्ती व्यवस्था बहाल करने की मांग पर कायम है।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण मातृशक्ति के संघर्ष और बलिदान से हुआ है। ऐसे में महिलाओं के उत्पीड़न और सुरक्षा से जुड़े मामले प्रदेश के लिए चिंता का विषय हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित महिलाओं से जुड़े मामलों में कांग्रेस न्याय की लड़ाई जारी रखेगी। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, राहत हुसैन, अरुणा कुमार, अनूप कंडारी, कुलदीप रावत सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह