राजेंद्र प्रसाद को नासिक में विद्योत्सव साहित्य सृजन सम्मान’ का गौरव

 


पौड़ी गढ़वाल, 5 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के यमकेश्वर ब्लॉक के ग्राम मांगथा निवासी वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र प्रसाद कुकरेती को उनकी चर्चित कृति “तीन फुल” के लिए प्रतिष्ठित “विद्योत्सव साहित्य सृजन सम्मान” से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान नासिक में आयोजित विद्योत्सव साहित्य समारोह 2025 में प्रदान किया गया। कुकरेती को 5100 की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र के साथ यह पुरस्कार स्व. ओम प्रकाश भारती की स्मृति में दिया गया।

राजेंद्र प्रसाद कुकरेती लंबे समय से साहित्य सृजन में सक्रिय हैं। उनके लेखों में उत्तराखंड की संस्कृति, समाज और लोकजीवन की गहरी झलक देखने को मिलती है। संस्कृति विभाग, उत्तराखंड सरकार द्वारा भी उनके लेखन को समय-समय पर प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाता रहा है।

उनकी रचना तीन फुल को पर्वतीय जीवन की सादगी, संवेदना और मानवीय मूल्यों के चित्रण के लिए विशेष सराहना मिली। समारोह में उपस्थित साहित्यकारों ने कहा कि कुकरेती का लेखन समाज और संस्कृति दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत सृजन को मान्यता देता है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह