छात्राओं ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के हाथों में राखी बांधी
नई टिहरी, 22 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में जौनपुर ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज दौंक की छात्राओं ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के हाथों में राखी बांध कर रक्षाबंधन मनाया। छात्राओं ने भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल, भारतीय सेना सहित राष्ट्रीय कैडेट कोर के अधिकारियों व जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु, सुरक्षित जीवन की कामना की।
शनिवार को जीआईसी दौंक के प्रधानाचार्य राम औतार ने बताया कि विद्यार्थियों ने देश की सुरक्षा में लगे सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों से आत्मीय भेंट कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। स्कूल की छात्राओं ने जवानों को तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया और राखी बांधी। वहीं सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी शिक्षा, अध्ययन तथा भविष्य के लक्ष्यों को लेकर संवाद करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने एवं राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। कहा कि उन्हें भी सरहदों में सीमा की रक्षा करने की प्रेरणा मां, बहन और परिजनों से मिलती हैं। घर से जब कोई संदेश आता है, तो उन्हें भी पर्व और त्योहार की याद आती है। इस मौके पर आशीष सगोई, इंदु सैनी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी