रावत गांव में विद्यालय का रास्ता टूटने से विद्यार्थियों को हो रही समस्या

 


नई टिहरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सीडीओ वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में जनता दरबार में कुल 56 शिकायतें दर्ज हुई। उन्होंने अधिकारियों को समस्याएं हल करने के निर्देश दिए। क्यारी मखलोगी निवासी भोला दत्त बिजल्वाण ने भालू का खतरा होने, सौर ऊर्जा की लाईट लगाने और 70 मीटर पैदल क्षतिग्रस्त रास्ते की मरम्मत की मांग की। कंडीसौड़ की ममता देवी ने पेंशन व रोजगार दिलाए जाने और घर के आंगन में स्थापित विद्युत पोल को हटाने की मांग रखी।

गुल्डी की पिंकी देवी ने राशन कार्ड, गैस कनेक्शन को ससुराल पक्ष से अलग कराने का अनुरोध किया। लक्ष्मी प्रसाद ने रावत गांव ने बताया कि आपदा से विद्यालय का रास्ता टूट गया है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। तत्काल इसे ठीक किया जाए। क्यूलागी निवासी धूरत सिंह सजवाण ने ठांगधार-कौड़िया-इको पार्क रोड़ पर पूर्व की भांति पर्यटन व व्यवसायिक गतिविधि संचालित करने की मांग की।

महरगांव निवासी रघुवीर कठैत ने आराकोट-वाल्काखाल मोटर मार्ग का डामरीकरण और बड़े बोल्डरों से मकानों को खतरा, पेयजल लाइन क्षतिग्रात होने की शिकायत की। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समस्याएं हल करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी