सतपाल महाराज ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात

 


देहरादून, 20 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्यटन और लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की जानकारी दी।

सतपाल महाराज ने गृह मंत्री से भारत-नेपाल सीमा पर विकसित किए जा रहे एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) बनबसा से संबंधित विषयों पर चर्चा की। उन्होंने आईसीपी बनबसा को जोड़ने वाली एप्रोच रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग) के धीमे निर्माण कार्य की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में एकीकृत चेक पोस्ट बनबसा के विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति प्रभावित होने की आशंका है।

गृह मंत्री से चर्चा के दौरान कैबिनेट मंत्री महाराज ने उन्हें इस संदर्भ में एक पत्र भी सौंपा जिसमें बताया कि वर्तमान में निर्माण स्थल तक पहुंच के लिए केवल 10 टन क्षमता वाला एक पुल उपलब्ध है, जिसके कारण भारी निर्माण सामग्री एवं मशीनरी के आवागमन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। ऐसे में परियोजना की समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए एप्रोच रोड के निर्माण कार्य में तेजी लायी जानी आवश्यक है। उन्होंने बनबसा और महेंद्र नगर के बीच बनने वाले ट्राइपॉड के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की।

सतपाल महाराज ने गृह मंत्री शाह को उत्तराखंड पर्यटन द्वारा प्रकाशित एम्बलेस अक्रास गोडलैंड नाम की एक पुस्तक भी भेंट की।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल