तीलू राैतेली पुरस्कार विेजेता सरिता का सम्मान

 


नई टिहरी, 11 अगस्त (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी में अधिकार मित्र/पराविधिक स्वयं सेवी के रूप में कार्यरत सरिता कोठियाल को प्रदेश सरकार की ओर से तीलू रौतेली पुरस्कार दिए जाने पर प्राधिकरण ने उनका सम्मान किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश का यह प्रतिष्ठित ‘राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार’ मिलना अपने आप में गौरव का विषय है।

यह सम्मान उन्हें असहाय, वृद्ध और दिव्यांग महिलाओं के कल्याण में उल्लेखनीय योगदान और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाने के लिए दिया गया है। जिला जज व प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन शर्मा, प्राधिकरण के सचिव दया राम, अधिवक्ता राजपाल मियां आदि ने कहा कि सरिता कोठियाल दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों में भी बेहतर कार्य किया है। जिला जज और अन्य अधिकारियों ने पुरस्कार विजेता को गुलदस्ता, शॉल भेंट कर स्वागत किया। वहीं कोठियाल ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर अभाव में जीवन यापन करने वालों को सरकार की योजनाओं का लाभ, पेंशन, प्रमाण पत्र बनाने के लिए उन्होंने सहयोग किया। आगे भी उनकी समाज सेवा जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी