पौड़ी में हरेला पर विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

 


पौड़ी गढ़वाल, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला जिला मुख्यालय से लेकर सभी विकासखंडों, तहसीलों, नगर निकायों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों व विभिन्न सरकारी संस्थानों, पुलिस कार्यालयों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

गुरुवार को जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने जनप्रतिनिधियों व अफसरों के साथ सामूहिक रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान हिमालयी पारिस्थितिकी के लिए महत्वपूर्ण देवदार, बांज, बुरांश, काफल, अंगू जैसी स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस मौके पर विधायक ने कहा कि हरेला हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ प्रकृति के प्रति उत्तराखंड की गहरी आस्था का प्रतीक है। आज पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब हर व्यक्ति लगाए गए पौधे की देखभाल को अपना नैतिक कर्तव्य समझे।

नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लाक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। कहा कि पौधरोपण अभियान का उद्देश्य केवल पौधों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण करना है। डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों, तहसीलों और विभिन्न संस्थानों में पूरे उत्साह के साथ हरेला पर्व मनाया जा रहा है। इस वर्ष जिले में करीब एक लाख पौधों का रोपण किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

वहीं, गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी), घुड़दौड़ी में पौधरोपण व पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम मे संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। वहीं, न्यायिक अधिकारियों के आवासों में भी पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय बृजेंद्र सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पौड़ी शहज़ाद ए. वाहिद, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अमित भट्ट, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रिजवान अंसारी, सिविल जज (जूनियर डिवीजन), अकमल अंसारी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह