नैतिकता, अनुशासन और मानवीय मूल्यों की सीख देती है सनातन संस्कृति
नई टिहरी, 16 नवंबर (हि.स.)। जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन स्वामी माधवाश्रम की पुण्य स्मृति में आयोजित अष्टोत्तरशत (108) श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के सातवें दिन उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने प्रतिभाग कर व्यासपीठ से आशीर्वाद लिया। उन्होंने सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, वेदों एवं धार्मिक ग्रंथों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पाठ और धार्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की कला, नैतिकता, अनुशासन, कर्तव्यबोध और मानवीय मूल्यों की भी शिक्षा देती है।
सोमवार को अष्टोत्तर शत् लोकमंगल यज्ञ समिति की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण में पहुंची विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी का आयोजक मंडल ने स्मृति चिन्ह व पटका भेंट कर स्वागत किया। खंडूड़ी ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार, चरित्र निर्माण, बड़ों का सम्मान, माता-पिता के प्रति आदर, सेवा, समर्पण और समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराया जाना चाहिए। परिवार, समाज और धार्मिक संस्थाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। कथा व्यास स्वामी रामदास ने श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, उनकी भक्ति एवं धर्म की स्थापना से जुड़े प्रसंगों के साथ भगवान श्री राम के आदर्श जीवन का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य, मर्यादा, गाय, गंगा और भक्ति का संदेश दिया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, राज्यमंत्री खेम सिंह चौहान, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, चंबा प्रमुख सुमन सजवाण, बीकेटीसी सदस्य दिनेश डोभाल, एससी आयोग सदस्य सुनीता, विमला खणका, मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, डॉ. ओमप्रकाश, राजेंद्र प्रसाद चमोली, त्रिलोक चंद रमोला, भगवान चंद रमोला, बीसी रमोला, जयेंद्र पंवार, राजेंद्र डोभाल, बीडी कुनियाल मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी