सड़क सीवरेज और कूड़ा निस्तारण की समस्याओं को दूर करना होगी प्राथमिकता : नगर आयुक्त आशिमा गोयल
हल्द्वानी , 12 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की नवनियुक्त नगर आयुक्त आईएएस आशिमा गोयल ने गुरुवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि शहर की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि शहरवासियों को रोजमर्रा की परेशानियों से निजात मिल सके।पत्रकारों से बातचीत में नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम के सामने आमतौर पर सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण जैसी चुनौतियां रहती हैं।
हल्द्वानी में भी इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उनका प्रयास रहेगा कि शहर के लोगों को छोटे स्तर से लेकर बड़े स्तर तक की समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान हो।उन्होंने कहा कि शहर में कूड़ा निस्तारण भी एक बड़ी चुनौती है।
विशेष रूप से पुराने जमा कचरे (लेगेसी वेस्ट) और रोजाना निकलने वाले ताजे कचरे (फ्रेश वेस्ट) का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और नागरिक समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीरता से काम किया जाएगा।
उनकी कोशिश रहेगी कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाते हुए आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता