सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य ने किया सुशीला तिवारी अस्पताल का निरिक्षण

 

हल्द्वानी , 24 अगस्त (हि.स.)। चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सचिव विनयशंकर पांडे ने सोमवार को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओपीडी, वार्ड, आईसीयू और एसएनसीयू का निरीक्षण करने के साथ मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने सर्जरी, यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, नेत्र रोग, अर्जुन नेत्र कोष एवं बाल रोग विभाग की ओपीडी का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों की संख्या, पंजीकरण तथा रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की जानकारी ली। चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से उपचार व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव ने भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। साथ ही चिकित्सकों से मरीजों की बीमारी, वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

सचिव ने आईसीयू एवं एसएनसीयू का निरीक्षण करते हुए गंभीर मरीजों के उपचार एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि गंभीर मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं।चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सचिव विनयशंकर पांडे ने कहा कि डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, जहां दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।

निरीक्षण के दौरान प्रो. डॉ. अजय आर्या, प्राचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी, डॉ. शहजाद अहमद, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. रश्मि पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल, डॉ. परमजीत सिंह, डॉ. वैभव कुमार, जी.बी. मौल, टी. मैथ्यू, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट, ईला चौधरी, डिप्टी नर्सिंग सुपरिटेंडेंट सहित चिकित्सक एवं अस्पताल के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता