रुद्रनाथ यात्रा मार्ग का एसडीओ ने किया निरीक्षण, तैयारियां तेज

 


चमोली, 05 मई (हि.स.)। पंच केदारों में चतुर्थ केदार रुद्रनाथ मंदिर की आगामी यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण शुरू किया गया है। रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 18 मई को ग्रीष्मकाल के लिए खोले जाएंगे।

जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर एसडीओ मोहन सिंह के नेतृत्व में टीम ने सगर से रुद्रनाथ धाम तक पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग की स्थिति, संवेदनशील स्थलों और प्राकृतिक जोखिमों का आकलन किया गया। टीम ने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता भी जांची। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर मार्ग सुधार और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की आवश्यकता चिन्हित की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर विश्राम स्थलों को बेहतर बनाने और चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया। वन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय