शहादत दिवस पर शहीद खाती को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
नई टिहरी, 23 नवंबर (हि.स.)। देश की रक्षा करते हुए आतंकवादियों से लोहा लेने वाले चंबा ब्लॉक की पट्टी धारअकरिया के माणदा गांव निवासी शहीद कांस्टेबल बिकोदर सिंह खाती को ग्रामीणों और पुलिस बल के जवानों ने श्रद्धांजलि दी। शहादत दिवस पर गांव में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया । इस दौरान ग्रामीणों ने गजा-माणदा सड़क पर शहीद के नाम से स्वागत द्वार बनाने और सड़क का शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग प्रमुखत से उठाई।
बता दें कि बिकोदर सिंह खाती केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात थे। वर्ष 2002 में जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान वह शहीद हो गए थे। उनकी वीरता और बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत राष्ट्रपति वीरता पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। शहीद के सम्मान में सीआरपीएफ के जवानों ने उनके पैतृक गांव पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
सीआरपीएफ के हवलदार एसएस रावत, पुलिस चौकी गजा में तैनात वरिष्ठ कांस्टेबल मनीष रावत, शहीद की पत्नी बिसला देवी, पुत्र मनीष सिंह, अनीष सिंह खाती ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान भगवानी देवी, गजेंद्र सिंह खाती, विजेंद्र सिंह खाती, रौनक सिंह, होशियार सिंह, कुंवर सिंह खाती, योगेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह खाती आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी