दो माह बाद भी रेशमा का नहीं मिला सुराग, अब सास और पति को होगा नार्को टेस्ट

 

नई टिहरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतापनगर ब्लॉक के जणगी गांव की विवाहिता रेशमा करीब दो माह से लापता चल रही है। काफी खोजबीन करने पर भी उसका सुराग नहीं लग पा रहा है। अब मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने रेशमा के पति और सास का नार्को टेस्ट कराने की योजना बनाई है।

थानाध्यक्ष के लंबगांव महिपाल सिंह रावत ने बताया कि बीते 7 अगस्त को जणगी गांव निवासी नवीन सिंह ने अपनी पत्नी रेशमा के घर से गायब होने की गुमशुदगी दर्ज कराई। जिसके बाद से पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है। फोन सर्विलांस सहित आसपास जाने वाले रास्तों, सीसटीवी कैमरा, मुखबिर तंत्र एक्टिव करने पर भी कोई सफलता अभी तक नहीं मिल पाई है। लंबा समय बीतने के बाद रेशमा के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और रेशमा को गायब करने का आरोप लगाया।

मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रेशमा के पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचनात्मक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तमाम पहलुओं की जांच किए जाने के बावजूद रेशमा के संबंध में अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है। मायके पक्ष ने आशंका जताई कि रेशमा के साथ उसके ससुराल पक्ष की ओर से कोई गंभीर घटना की गई है।

पुलिस ने रेशमा के पति और सास का नार्को टेस्ट कराने का निर्णय लिया है। थानाध्यक्ष रावत ने बताया कि बुधवार को रेशमा के पति और सास ने न्यायालय में नार्को टेस्ट कराने की सहमति का एफिडेविट दे दिया है। अब केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला दिल्ली से आवश्यक प्रक्रिया व रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोनों का नार्को टेस्ट कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी