अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर महापौर ने बांटे कपड़े के थैले

 




-सब्जी विक्रेताओं को महापौर ने प्लास्टिक का उपयोग ना करने की दिलाई शपथ

ऋषिकेश,12 जुलाई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस पर नगर निगम महापौर अनिता ममगांईं ने शहर के बाजारों में व्यापारियों को कपड़े के थैले वितरित किए। सब्जी मंडी में महापौर ने फल एवं सब्जी विक्रेताओं को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ भी दिलाई ।

बुधवार को निगम के प्रशासनिक अमले व कार्यकर्ताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के मौके पर महापौर बाजारों में जगह जगह दुकानदारों को कपड़े के थैले वितरित कर उनसे प्लास्टिक मुक्त तीर्थनगरी को लेकर निगम की और से चलाये जा रहे, अभियान में सहयोग की अपील की।

महापौर ने बताया कि इस दिन का खास उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण और प्राकृतिक पर्यावरण पर इसके हानिकारक प्रभाव को रोकना है, क्योंकि प्लास्टिक पर्यावरण को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने व प्रदूषण से बचाने के लिए प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करना समझदारी है। इससेे पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा व स्वास्थ्य की रक्षा भी होती रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्लास्टिक की थैलियां और बैग पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। प्लास्टिक की थैलियां हमारे लैंडफिल में मौजूद चीजों का एक बड़ा हिस्सा बनती हैं, और हमारे जल निकास मार्गों को भी अवरुद्ध करती हैं। उन्होंने लोगों से कपड़े के थैले, जूट के थैले आदि प्रयोग करने की अपील की।

इस दौरान मुख्य नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट , पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट,पंकज शर्मा, मदन कोठारी, ज्योति सहगल, गौरव सहगल, कांता प्रसाद भट्ट, जॉनी लांबा, अशोक अवस्थी, अभिषेक मल्होत्रा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विक्रम

/रामानुज