लगातार पांचवीं बार विश्व के शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में शामिल हुए प्रो. आरसी रमोला
नई टिहरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल टिहरी के पूर्व निदेशक व भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर राकेश चंद्र रमोला को स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर की वर्ष 2026 की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में लगातार पांचवीं बार स्थान मिला है। जिससे शिक्षाविदों, परिसर के प्राध्यापकों, कार्मिकों और जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताई है।
प्रो. रमोला को करियर के दीर्घकालीन प्रभाव और एक वर्षीय शोध प्रभाव, दोनों श्रेणियों में यह उपलब्धि मिली है। बता दें कि प्रो. रमोला इन दिनों जौनसार-बावर के चकराता और सीमांत उत्तरकाशी जिले में भूकंपीय पूर्वाभास और भूगर्भीय अध्ययन कर रहे हैं। इसके तहत हिमालयी क्षेत्रों में फॉल्ट लाइनों के आसपास मिट्टी और पानी से निकलने वाली रेडॉन गैस के उत्सर्जन पैटर्न का सूक्ष्म मापन किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य भूगर्भीय हलचलों और संभावित भूस्खलन से जुड़े संकेतों को वैज्ञानिक दृष्टि से समझना है। प्रो. रमोला 100 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। दो दर्जन से अधिक शोधार्थियों को शोध कार्य पूरा करने में मार्गदर्शन दे चुके हैं। वैश्विक वैज्ञानिक सूची में लगातार पांचवीं बार स्थान मिलने पर परिसर निदेशक प्रो. एए बौड़ाई, प्रो. प्रो. डीएस कैंतुरा, प्रो. जेडीएस नेगी, डॉ. हंसराज बिष्ट, डॉ. केसी पेटवाल, डॉ. अर्पणा सिंह सहित सभी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी