शिक्षक संघ ने की लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान की मांग
रामनगर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों के विभिन्न लंबित प्रकरणों और वर्तमान में चल रहे सोशल ऑडिट से जुड़ी समस्याओं को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी से वार्ता की। यहां पदाधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया और उनके त्वरित समाधान की मांग की।
संघ प्रतिनिधियों ने बताया कि कई प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं, इससे शिक्षकों को प्रशासनिक और कार्य संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं वर्तमान में चल रहे सोशल ऑडिट के संबंध में भी कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं, इनके लिए विभागीय स्तर पर स्पष्ट दिशा-निर्देशों और समाधान की आवश्यकता है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी बिंदुओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने व सोशल ऑडिट प्रक्रिया को भी पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षक संघ ने उम्मीद जताई कि विभाग द्वारा शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे शिक्षकों को राहत मिलेगी और शैक्षणिक कार्यों में भी सुचारुता आएगी।यहां ब्लॉक मंत्री मनीता कटारिया, अध्यक्ष दिनेश मनराल, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, सौरभ कुमार, अजय सिंह, गणेश पांडे, पंकज पांडे, मनोज मोहन काश्मीर और रमेश भंडारी सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी