सीएम से पौड़ी में किडनी मरीजों के लिए बेहतर इलाज की मांग

 


पौड़ी गढ़वाल, 21 जुलाई (हि.स.)। पौड़ी विधानसभा की जनता से जुड़े दो महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाए गए।

सामाजिक कार्यकर्ता राकेश गौरशाली ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिला अस्पताल पौड़ी में किडनी रोगियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में बढ़ते गुलदार और अन्य जंगली जानवरों के आतंक से स्थायी राहत दिलाने के लिए विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि जिला अस्पताल पौड़ी में किडनी रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उपलब्ध संसाधन उनकी आवश्यकता के अनुरूप नहीं हैं। सीमित डायलिसिस मशीनों के कारण मरीजों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जबकि कई मरीजों को इलाज के लिए देहरादून, ऋषिकेश और अन्य शहरों की ओर जाना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक, मानसिक और शारीरिक बोझ बढ़ रहा है।

राकेश गौरशाली ने जिला अस्पताल में तीन अतिरिक्त डायलिसिस मशीनें, आवश्यक चिकित्सकीय एवं तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति व एवी फिस्टुला की सुविधा के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती की मांग की। उनका कहना है कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से जिले के सैकड़ों किडनी मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।

ज्ञापन में पौड़ी विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते गुलदार एवं अन्य जंगली जानवरों के आतंक का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, किसान और पशुपालक लगातार भय के माहौल में जीवन जी रहे हैं। इस समस्या के दीर्घकालिक समाधान के लिए पौड़ी में आधुनिक चिड़ियाघर (जू) की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया।

उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर की स्थापना से एक ओर वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और मानव-वन्यजीव संघर्ष कम होगा, वहीं दूसरी ओर पौड़ी पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। इससे होटल, होम-स्टे, टैक्सी, स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प सहित अनेक व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री से राकेश गौरशाली ने दोनों जनहितकारी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया। इस मौके पर सुषमा रावत, बबीता रावत, रंजीता गौरशाली आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह