नैनीताल में बारिश जनपद में 16 सड़कें बंद
नैनीताल, 04 सितंबर (हि.स.)। जनपद में पिछले 4 दिनों से हो रही बारिश कुछ धीमी पड़ी है, लेकिन अभी जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौट पाया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में हल्द्वानी में सर्वाधिक 94 मिमी, नैनीताल में 25 मिमी, चोरगलिया में 27 मिमी, रामनगर में 12.5 मिमी, खनस्यूं में 8 मिमी और मुक्तेश्वर में 8.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस प्रकार जनपद में बीते 24 घंटों में औसतन 17.54 मिमी और इस वर्ष अब तक जिले में 967.07 मिमी बारिश हो चुकी है।
गौला, कोसी और नंधौर नदियों में जल स्तर क्रमशः 11,023, 5,614 और 2,449.10 क्यूसेक के साथ सामान्य स्तर पर आ गया है। लेकिन अभी भी जनपद में एक राज्य मार्ग, एक प्रमुख जिला मार्ग और 14 ग्रामीण मार्गों सहित कुल 16 मोटर मार्ग बंद हैं। इनमें रामनगर-भण्डारपानी-बेतालघाट राज्य मार्ग-71, कांडा डॉन-परेवा, पाण्डेगांव-रानीकोटा, एचएमटी-ब्रेवरी, घोड़ाखाल-धुलई, फतेहपुर-बेल, बरेली-अल्मोड़ा-सिरसा, छीड़ाखान-अमजड़, देवलीधार-सुई, स्यूड़ा-कौन्ता-हरीशताल, खनस्यूं-टांडा, भीडापानी-महतोली, पटलोट-पश्यागांव, ढोलीगांव-धैना, खुजेठी-भौनरा, क्वारब-सारखेत तथा कोल मोटर मार्ग शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त आज गत एक सितंबर की अतिवृष्टि से धारी तहसील के ग्राम पोखराड़, चौखुटा, गझेड़ज्ञ, गजार व बुरांशी के त्रिलोक सिंह पुत्र मोहन सिंह, राम सिंह पुत्र दीवान सिंह, ममता देवी पत्नी अमर सिंह, लक्ष्मण राम पुत्र हरी राम, जसवंत सिंह पुत्र दीवान सिंह, रमेश चन्द्र पुत्र हिम्मत राम, राजेन्द्र सिंह पुत्र उत्तम सिंह, पवन बिष्ट पुत्र जीवन सिंह, भवान सिंह पुत्र दीवान सिंह, प्रताप सिंह पुत्र धरम सिंह, इन्द्रा देवी पत्नी दीवान सिंह के घरों को आंशिक और मोहन सिंह पुत्र उत्तम सिंह के घर को पूर्ण क्षति पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि हुई है। इस प्रकार जनपद में अब तक अतिवृष्टि से 4 लोगों की जान जाने, 132 पक्के व 7 कच्चे घरों को आंशिक और 3 घरों को पूर्ण क्षति पहुंचने, 11 पशुओं की जान जाने और 6 गौशालाओं के भी क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि हो चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी