बारिश से बढ़ने लगी आफत, अलर्ट मोड पर प्रशासन
देहरादून, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा व आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग की जारी भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा से उत्पन्न स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन-जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में रहे तथा किसी भी संभावित आपदा अथवा आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करें। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने गुरूवार काे राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्रदेशभर में वर्षा से उत्पन्न स्थिति, मौसम पूर्वानुमान, सड़क संपर्क, नदियों के जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम विभाग की चेतावनियों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए सभी विभाग 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य करें व किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने नैनीताल, ऊधमसिंहनगर व चम्पावत जनपदों में रेड अलर्ट, जबकि पौड़ी गढ़वाल, देहरादून व बागेश्वर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर सभी जिलाधिकारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी मौसम अत्यधिक खराब हो अथवा भारी वर्षा के कारण यात्रा करना जोखिमपूर्ण हो, वहां यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। ऐसे सभी होल्डिंग प्वाइंट्स पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, दवाइयों, बच्चों के लिए दूध, शौचालय, आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल