बनभूलपुरा में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण मामले में सुप्रीम काेर्ट में सुनवाई कल, प्रशासन अलर्ट

 


हल्द्वानी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के बनभूलपुरा रेलवे इलाके में अतिक्रमण मामले पर सुप्रीम काेर्ट में 24 फरवरी को सुनवाई और इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त फोर्स मांगी है। इसके अलावा आईआरबी और पीएसी की टुकड़ियां भी हल्द्वानी पहुंच चुकी हैं। क्षेत्र में लगातार गश्त किया जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए बाहरी जनपदों से भी फोर्स बुलाई गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें। न्यायालय के आदेश का अनुपालन करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रेलवे ने बनभूलपुरा क्षेत्र में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमित बताते हुए उसे खाली कराने की मांग की है। इस संबंध में भारतीय रेल की ओर से मामला सुप्रीम काेर्ट में लंबित है और इस पर लगातार सुनवाई चल रही है। इस क्षेत्र में करीब 4300 भवन स्थित हैं, जिनमें हजारों लोग निवास करते हैं। ऐसे में सुनवाई को लेकर क्षेत्र में हलचल तेज है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता