खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, घी समेत तीन खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
नैनीताल, 27 अगस्त (हि.स.)। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामनगर एवं कालाढूंगी क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घी, चोको चिप्स कुकीज और घेवर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि बिना वैध लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित करने वाले एक व्यापारी को सात दिन में लाइसेंस बनवाने का नोटिस दिया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी रामनगर एवं कालाढूंगी क्षेत्र असलम खान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति की जांच की गई तथा आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संभावित मिलावट की जांच के लिए एक घी, एक चोको चिप्स कुकीज तथा एक घेवर का नमूना नियमानुसार लिया गया और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में एक खाद्य कारोबारी बिना वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण के कारोबार करता मिला। उसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सात दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी कर तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में लाइसेंस नहीं बनवाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान ने खाद्य कारोबारियों को बिना लाइसेंस कारोबार नहीं करने तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी