सरकार हर मोर्चे पर हुई फेल : शैलजा

 


पौड़ी गढ़वाल, 01 जून (हि.स.)। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया। कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई से जनता परेशान है लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। कहा कि 4 जून को पौड़ी पहुंच रहे राहुल गांधी के दौरे से पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में उत्साह बना हुआ है।

सोमवार को पौड़ी पहुंची कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने जनता से किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। जिससे प्रदेश के लोगों में सरकार के खिलाफ नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने लगातार बढ़ती महंगाई पर भी सरकार को जमकर घेरा।

कहा कि उत्तराखंड सरकार में आपसी तालमेल की बड़ी कमी है। भाजपा के नेता, विधायक और मंत्री अंतर्रकलह में उलझे हुए हैं। यह समय प्रदेश में बदलाव का है, जनता सरकार के कामकाज से खुश नहीं है कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए और प्रदेश में बदलाव के लिए कमर कस लेनी चाहिए। कहा कि कांग्रेस के प्रति पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अब राहुल गांधी जी के दौरे पर ध्यान केंद्रित कर कार्यक्रम की सफलता पर पूरी शक्ति लगा देनी चाहिए।

आरोप लगाया कि राज्य में बेटियों को न्याय नहीं मिल रहा है, बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है। कहा कि पौड़ी में राहुल गांधी पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे जिसमें वह पूर्व सैनिकों की समस्याओं को जानने का प्रयास करेंगे।कहा कि कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के साथ खड़ी रही है उनके सम्मान और अधिकार के लिए लड़ती रही है अब राहुल गांधी स्वयं पौड़ी में पूर्व सैनिकों के बीच पहुंच रहे हैं।

इस मौके पर प्रभारी विक्रम नेगी, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक लखपत बुटोला, पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, रूचि कैंतुरा, सुन्दर लाल मुयाल, जितेंद्र चौहान, जीत राम, मुकेश नेगी, मंत्री प्रसाद नैथानी कवीन्द्र इष्टवाल आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह