राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत पर वाल्मीकि समाज ने जताई आपत्ति
हल्द्वानी , 07 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज शिकायत का मामला अब नया और सामाजिक मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। सोमवार को वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों ने कोतवाली हल्द्वानी में प्रार्थना-पत्र देकर राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत करने वाले अमित कुमार की जाति/उपजाति की जांच कराने और शिकायत के संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाज की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना-पत्र में दावा किया गया है कि अमित कुमार द्वारा स्वयं को अनुसूचित जाति की वाल्मीकि उपजाति से संबंधित बताए जाने पर समाज को आपत्ति है।
प्रतिनिधियों का कहना है कि शिकायतकर्ता की ओर से की गई शिकायत को सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में वाल्मीकि समाज से जोड़कर प्रस्तुत किए जाने से समाज के प्रति गलत संदेश और भ्रम पैदा हो रहा है। समाज ने स्पष्ट किया कि इस विवाद से पूरे वाल्मीकि समाज का कोई संबंध नहीं है।प्रार्थना-पत्र में पुलिस से शिकायतकर्ता की जाति और उपजाति से संबंधित दावे की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों और उसके सामाजिक प्रभाव को देखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।
वाल्मीकि समाज की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायतकर्ता का राजनीतिक संबंध भाजपा समर्थक होने का है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि इस प्रार्थना-पत्र से नहीं होती है। समाज ने पुलिस से पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि किसी व्यक्ति की शिकायत को पूरे समुदाय की आवाज के तौर पर प्रस्तुत नहीं किया जाना चाहिए। राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत और उसके बाद सामने आई आपत्ति ने पहले से चल रहे राजनीतिक विवाद को और तूल दे दिया है। अब निगाहें पुलिस जांच पर हैं कि शिकायतकर्ता द्वारा किए गए जाति संबंधी दावे और मूल शिकायत के तथ्यों पर जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता