हर घर तिरंगा अभियान काे जन-जन तक पहुंचाएगा प्रचार वाहन: डीएम
नई टिहरी, 13 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रचार वाहन को डीएम नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अभियान को लेकर आयोजित की जा रही गतिविधियों की भी जानकारी साझा की।
गुरूवार को डीएम नितिका ने कलेक्ट्रेट में प्रचार वाहन को रवाना करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को आम जन तक पहुंचाने का माध्यम है। सभी लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) देहरादून की नई टिहरी में आयोजित की जा रही फोटो प्रदर्शनी की जानकारी दी। प्रदर्शनी में हर घर तिरंगा, विभाजन की विभीषिका और वंदे मातरम् जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा सहित राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
सीबीसी देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 14 और 15 अगस्त को नई टिहरी में एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम कराया जा रहा है। उक्त विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। शुक्रवार 14 अगस्त को सुबह तिरंगा रैली की जाएगी। साथ ही फोटो प्रदर्शनी देखने के लिए आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कैबिनेट व जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी