लोहाली में जनकल्याणकारी शिविर, 41 शिकायतों का निस्तारण
नैनीताल, 21 जुलाई (हि.स.)। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत मंगलवार को नैनीताल जनपद के विकासखंड बेतालघाट के राजकीय इंटर कॉलेज लोहाली में विशाल जनकल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नैनीताल की विधायक सरिता आर्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में पेयजल, सड़क, सिंचाई, विद्युत, राजस्व और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विधायक सरिता आर्य ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक उसके घर के निकट उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन शिकायतों का तत्काल समाधान नहीं हो सका है, उनका भी शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ते हुए करीब 260 लोगों को सीधा लाभ प्रदान किया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने तीन महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 100 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवाएं वितरित कीं। इस दौरान 14 वर्षीय बालिका को एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर निरोधक) टीका भी लगाया गया तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में कृषि, उद्यान, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास, रीप परियोजना, उरेडा, श्रम, पंचायती राज, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, खाद्य, ग्राम्य विकास और राजस्व सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और अन्य लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने अल्गौर मुख्य मार्ग की मरम्मत, पुराने विद्युत पोल बदलने, गांवों में सोलर लाइट लगाने, पैदल एवं सीसी मार्गों के निर्माण, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं में सुधार, विद्यालय भवन की छत की मरम्मत तथा गुलदार और बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई। विधायक सरिता आर्य ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा वन विभाग को वन्यजीवों के आतंक वाले क्षेत्रों में शीघ्र पिंजरा लगाने को कहा।
शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया तथा जागरूकता साहित्य का वितरण भी किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष रमेश सुयाल, ग्राम प्रधान निर्मला बिष्ट, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, तहसीलदार भुवन भंडारी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, खंड विकास अधिकारी पंकज जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी