प्रो. संजय बने डीएसबी परिसर के निदेशक, तीन वर्ष का होगा कार्यकाल

 


नैनीताल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. संजय पंत को डीएसबी परिसर के निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है। कुलपति के अनुमोदन के बाद कुलसचिव ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिये हैं। प्रो. पंत ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण भी कर लिया है। इनके अतिरिक्त हिंदी विभाग की प्रो. चंद्रकला रावत को अधिष्ठाता छात्र कल्याण नियुक्त किया गया है।

प्रो. पंत इससे पूर्व विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक, डीआईसी के निदेशक, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, कार्यकारी निदेशक और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के समन्वयक सहित विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं। वर्तमान में वह विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता हैं। उनके कई शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।

उनकी नियुक्ति पर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, प्रो. लज्जा भट्ट, प्रो. अनिल बिष्ट, डॉ. विजय कुमार, डॉ. शिवांगी, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. गगन होती, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. राशि मिगलानी, सुरेश लाल, बृजेश जोशी और देवेंद्र बिष्ट ने प्रो. पंत का पुष्पगुच्छ, शॉल और तेजपत्ता का पौधा भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर मिष्ठान वितरण भी किया गया।

विश्वविद्यालय के एलुमनी सेल के डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, डॉ. जीसी जोशी, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना जोशी, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. निशा और नंदा बल्लभ पालीवाल ने भी प्रो. संजय पंत और अधिष्ठाता छात्र कल्याण नियुक्त होने पर प्रो. चंद्रकला रावत को भी बधाई दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी