'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, प्रीतम सिंह ने युवाओं संग किया संवाद
देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। आगामी 17 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में होने वाले कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को चकराता विधायक और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अगुवाई में एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने और युवाओं का विश्वास कायम रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।
नेताओं ने बताया कि 17 जुलाई को राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, परीक्षा प्रणाली और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस अवसर पर चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस महेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य प्रवीण रावत 'प्रिंस', शूरवीर सिंह चौहान सहित कांग्रेस के कई नेता उपस्थित रहे।
----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल