एडीएम के निरीक्षण के कई देर बार स्कूल पहुंचे प्राथमिक स्कूल दाेणी के शिक्षक

 


नई टिहरी, 02 सितंबर (हि.स.)। एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने भिलंगना ब्लॉक राजकीय प्राथमिक विद्यालय और राजकीय हाईस्कूल दोणी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक उपस्थिति और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया।

बुधवार को एडीएम नेगी ने हाईस्कूल दोणी में उपस्थिति पंजिका, प्रवेश व नामांकन पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। पांच कार्यरत शिक्षकों में एक शिक्षक राजकीय कार्य पर घनसाली होना बताया गया। इसके बाद एडीएम ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। विषयवार प्रश्न पूछकर शिक्षण एवं सीखने के स्तर की जानकारी ली।

कमजोर विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। शिक्षा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार लाने के भी निर्देश दिए। विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद रिक्त पाए जाने पर एडीएम ने विभाग के अधिकारियों को रिक्त पद को भरने के लिए आवश्यक पत्रावली तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए।

वहीं प्राथमिक विद्यालय दोणी में निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कार्यरत दोनों शिक्षक अनुपस्थित मिले। हालांकि कुछ देर बाद शिक्षक स्कूल पहुंचे। जिस पर एडीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी