मलबे की चपेट में आने से स्कूल भवन क्षतिग्रस्त

 


गुप्तकाशी, 30 जुलाई (हि.स.) । क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कालीमठ क्षेत्र स्थित जू.हा.स्कूल सियांशु गढ़ का भवन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। विद्यालय भवन का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ चुका है। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे और बोल्डरों के कारण न केवल कक्षाओं को नुकसान पहुंचा है, बल्कि पूरा विद्यालय परिसर भी मलबे से पट गया है, जिससे स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

सुरक्षा की दृष्टि से विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को करीब 150 मीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां फिलहाल नियमित पठन-पाठन कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान कुंवर सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 में निर्मित विद्यालय भवन के पीछे की दीवारों के पास लगातार भूमि धंसने और भूस्खलन के कारण पहले एक कक्ष क्षतिग्रस्त हुआ था। अब लगातार हो रही बारिश से भवन को और अधिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।

खंड शिक्षा अधिकारी उखीमठ यशवीर रावत ने बताया कि मामले से उपजिलाधिकारी को अवगत करा दिया गया है। विद्यालय में वर्तमान में पांच छात्र-छात्राएं और एक शिक्षक हैं। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी को निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन