गाैरीकुंड में प्रीपेड काउंटर मलबे में दबा
गुप्तकाशी, 02 जुलाई (हि.स.)। केदारनाथ यात्रा का आधार शिविर गौरीकुंड में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार सुबह योग भूस्खलन होने से प्रीपेड काउंटर के निकट एक बड़ी चट्टान गिर गई। चट्टान की चपेट में आने से वहां अस्थायी रूप से संचालित एक ढाबा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में दब गया। गनीमत रही कि घटना के समय न तो पैदल मार्ग पर कोई तीर्थयात्री गुजर रहा था और न ही ढाबे के अंदर कोई मौजूद था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
केदार घाटी में लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। गौरीकुंड में प्रीपेड काउंटर के समीप हुए इस भूस्खलन से कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ देर बाद तीर्थयात्री इसी मार्ग से गुजरकर केदार नाथ पहुंच रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता दीर्घायु प्रसाद ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण सुबह अचानक पहाड़ी से चट्टान और मलबा नीचे आ गया, जिससे अस्थायी ढाबा पूरी तरह दब गया। उन्होंने कहा कि अधिक वर्षा के चलते क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। वहीं, कोतवाली निरीक्षक सोनप्रयाग सुरेश बलूनी ने बताया कि मलबा आने से एक अस्थायी टेंटनुमा ढाबा क्षतिग्रस्त हो गया है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन