2010 से पूर्व नियुक्ति शिक्षकों को टीईटी से मुक्त रखा जाए
नई टिहरी, 22 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट ने गढ़वाल सांसद व राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से नई दिल्ली में मुलाकात कर शिक्षकों की टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) संबंधी समस्या से अवगत कराते हुए समस्या हल करने की अपील की। जिस पर सांसद बलूनी ने समस्या के निराकरण का भरोसा दिया।
भाजपा प्रदेश मंत्री नलिन ने सांसद बलूनी को दिए ज्ञापन में बताया वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से छूट दी जानी चाहिए। बताया कि सुप्रीम कोर्ट के एक आदेशानुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी शिक्षकों को अब अपनी सेवाओं को नियमित रखने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करनी होगी। लेकिन इसमें वे शिक्षक भी शामिल हैं जो वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त हुए हैं। बताया कि उस समय शिक्षक भर्ती के लिए टीईटी उत्तीर्ण की बाध्यता नहीं थी। तत्कालीन समय में नियुक्त अनेक शिक्षक अब अपनी सेवा के अंतिम पड़ाव में हैं। अधिकांश सेवानिवृत्ति के निकट पहुंच चुके हैं। ऐसी स्थिति में सुप्रीम कोर्ट के उक्त आदेश के कारण इन शिक्षकों में मानसिक दबाव एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई हैं। सांसद बलूनी ने कहा कि इसके लिए रास्ता निकाला जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी