टीएचडीसी के टनल हादसे में टिहरी के गंवाल गांव के प्रदीप की मौत

 


नई टिहरी, 14 अगस्त (हि.स.)। चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे ने थौलधार ब्लॉक गंवाल गांव के एक परिवार की खुशियाें पर दुखों का पहाड़ टूट गया। गांव के प्रदीप पंवार (31) अवतार सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। प्रदीप 10 अगस्त को ही ड्यूटी पर गया था।

वीरवार शाम को पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे में थौलधार ब्लॉक के ग्राम गंवाल गांव निवासी प्रदीप पंवार की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम पसर गया। प्रदीप की नव विवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। बीते 13-14 अप्रैल को ही ग्राम हटवाल गांव सत्यों गांव निवासी पूजा से उसकी शादी हुई थी। अभी उसके हाथों की मेंहदी भी नहीं सूखी थी, कि टनल हादसे ने उसकी खुशियां छीन ली। कोटी गंवाल गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य दिलवर रावत ने बताया कि पीपलकोटी में हुए दर्दनाक हादसे में गंवाल गांव के युवक की मौत के बाद से परिवार में मातम पसर गया।

पिता अवतार सिंह भी गहरे सदमें में हैं। बड़े भाई-भाभी और छोटा भाई को भी बड़ा झटका लगा है। बताया गया कि वह अभी 10 अगस्त को ही ड्यूटी पर गया था। करीब दो साल पहले ही उसकी मां का निधन हो गया था, तीन भाइयों में बीच का भाई प्रदीप की टनल हादसे में मौत होने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रदीप पंवार ग्राम गंवाल पोस्ट काफलपानी थौलधार ब्लॉक करीब एक-डेढ़ साल से वहां नौकरी कर रहा था। टनल हादासे में प्रदीप की मौत की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए लोग बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचे। शुक्रवार देर रात तक शव गांव पहुंचने के बाद आज शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी ने बताया परिवार गरीब परिवार का युवा था। उन्होंने शासन-प्रशासन व टीएचडीसी को तत्काल प्रदीप के शव को उनके पैतृक गांव पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उचित आर्थिक सहायता को भी कहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी