पठवाड़ा गांव में नया ट्रांसफार्मर लगने से विद्युत आपूर्ति बहाल
नई टिहरी, 17 सितंबर (हि.स.)। कीर्तिनगर ब्लॉक के ग्राम पंचायत पठवाड़ा में करीब एक सप्ताह से गहराया बिजली संकट दूर हो गया है। जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजाकोट अंजली चौहान ने बताया कि बीते एक सप्ताह से पठवाड़ा गांव और आसपास के क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप थी। गांव का ट्रांसफार्मर जलने से यह समस्या हुई। मामले में उन्होंने उपखंड अधिकारी प्रियंका नेगी से वार्ता की। वहीं विधायक विनोद कंडारी को भी समस्या से अवगत कराते हुए निस्तारण की मांग की थी।
विधायक के निर्देश पर विद्युत विभाग ने पठवाड़ा में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है। जिससे आपूर्ति बहाल हो गई। नया ट्रांसफार्मर लगने पर ग्रामीणों ने बीडीसी सदस्य चौहान, विधायक कंडारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया है। कहा कि वर्तमान में बगैर बिजली के कोई कार्य संचालित करना काफी चुनौतीपूर्ण है। खासकर मोबाइल, ऑनलाइन कार्य और दैनिक जीवन में कामों को निपटाने के लिए विद्युत आपूर्ति जरूरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी