कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी में पोषण माह का समापन, प्रतिभागियों को बांटे प्रमाण पत्र
नई टिहरी, 30 सितंबर (हि.स.)। कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित एक माह के अभियान का समापन हो गया। प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बुधवार को रानीचौरी में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने का आह्वान किया।
केंद्र की वैज्ञानिक व कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कीर्ति कुमारी ने बताया कि अभियान के दौरान पोषण जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण, पोस्टर एवं पोषण रंगोली प्रतियोगिताएं और वेबिनार आयोजित किए गए। जिनसे करीब 670 लोग लाभान्वित हुए।
निदेशक डॉ. ए. अरुणाचलम ने कृषि एवं पोषण के समन्वय को स्वस्थ समाज के लिए जरूरी बताया। वहीं प्रो. जेसी कुणियाल ने स्थानीय पारंपरिक खाद्य पदार्थों और सुरक्षित पेयजल के महत्व पर जोर दिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी ममता ने पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। समारोह में पोस्टर व पोषण रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शोभा भट्ट, पर्यवेक्षक भागीरथी पंवार को सम्मानित किया गया। वहीं किसानों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण वाटिका सब्जी किट भी बांटी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी