युवाओं के बढ़ते समर्थन से उत्साहित उक्रांद, रानीपुर विधानसभा इकाई का विस्तार

 


हरिद्वार, 08 जून (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने दावा किया है कि राज्य आंदोलन की मूल अवधारणाओं और उत्तराखंडवासियों के हितों को लेकर युवाओं का रुझान लगातार पार्टी की ओर बढ़ रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के युवा उक्रांद को मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

इसी क्रम में हरिद्वार जनपद की उक्रांद संगठनात्मक जिला इकाई के अंतर्गत रानीपुर (बीएचईएल) विधानसभा क्षेत्र-26 के युवाओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक सामूहिक बैठक शिवालिक नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उक्रांद की केंद्रीय सलाहकार सरिता पुरोहित ने की।

बैठक में हाल ही में रानीपुर विधानसभा क्षेत्र-26 का अध्यक्ष घोषित किए गए विशाल धीमान को औपचारिक रूप से मनोनयन पत्र सौंपा गया। इस अवसर पर विशाल धीमान ने अपनी कार्यकारिणी की भी घोषणा की। नई टीम में राजकुमार को उपाध्यक्ष, प्रियम पाठक को महामंत्री, अर्जुन बत्रा, मुकुल वर्मा और केशव सेठ को मंत्री, संजय को संगठन मंत्री, अनुज कान्त को कोषाध्यक्ष तथा सिद्धार्थ पाठक को मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया।

विशाल धीमान ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के लगभग 26 वर्ष बाद भी राज्य आंदोलन की मूल अपेक्षाएं पूरी तरह साकार नहीं हो सकी हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उत्तराखंड क्रांति दल को मजबूत करने और राज्य आंदोलन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए जनसमर्थन और मत जुटाने का कार्य करें।

वहीं सरिता पुरोहित ने कहा कि जिस प्रकार युवाओं का विश्वास उक्रांद में बढ़ रहा है, उससे पार्टी के लिए भविष्य की संभावनाएं मजबूत दिखाई देती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य आंदोलन के दौरान उठाए गए मुद्दों का समाधान तभी संभव होगा जब उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति को अधिक जनसमर्थन मिलेगा।

बैठक को सरिता पुरोहित, रवीन्द्र वशिष्ठ, चौधरी बृजवीर सिंह, प्रदीप उपाध्याय और विशाल धीमान सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में अनुज बत्रा, उत्कर्ष कुमार, हरजन सिंह, निक्कू, सिद्धार्थ पाठक, प्रियांश पाठक, केशव सेठ, युगल किशोर मिश्रा, अनुज कान्त, मुकुल मिश्रा, सत्यपाल सिंह, हरीश कुमार और महेंद्र सिंह बिष्ट सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला