महानगर कांग्रेस का भाजपा पर हमला: महिला आरक्षण के नाम पर गुमराह करने का आरोप
हरिद्वार, 21 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार महानगर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि भाजपा महिलाओं को वास्तविक आरक्षण देने के बजाय इस मुद्दे की आड़ में परिसीमन कराने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही पारित हो चुका है, लेकिन उसे लागू करने के बजाय भाजपा नया बिल लाकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर रही है। गर्ग ने दावा किया कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में रही है और ऐतिहासिक रूप से भी इस दिशा में पहल करती रही है।
प्रेस वार्ता में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर और महेश प्रताप राणा ने भी भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बजट का हवाला देती है, वहीं दूसरी ओर परिसीमन के जरिए सीटें बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डालने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के मुद्दे का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि इन संगठनों में महिलाओं को शीर्ष पदों पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला है, जबकि कांग्रेस में कई महिला नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की प्रथम अध्यक्ष संतोष चौहान और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने भी भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है।
उन्होंने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक मामले में कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक को जल्द से जल्द लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। इस अवसर पर नलिनी दीक्षित, मोहन सिंह राणा, राजीव भार्गव, अरुण चौहान, सतेन्द्र वर्मा, हिमांशु राजपूत सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला