गांधी पार्क से आठ अक्टूबर को निकलेगा लोकतंत्र बचाओ मार्च

 


देहरादून, 03 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में 2 से 8 अक्टूबर तक लोकतंत्र बचाओ–वोट बचाओ नामक अभियान चला रही है। इसके तहत 8 अक्टूबर को देहरादून में गांधी पार्क से लोकतंत्र बचाओ मार्च निकाला जाएगा।

कांग्रेस ने शनिवार को देहरादून में विपक्षी इंडी गठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने बताया कि ‘लोकतंत्र बचाओ–वोट बचाओ’ अभियान के तहत जिला, शहर, ब्लॉक और प्रखंड स्तर पर संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 8 अक्टूबर को विरोध मार्च निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीकी व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों पर चुनाव आयोग को स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्तियां सामने आ रही हों, तब पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुजाता पॉल ने कहा कि मतदाता के अधिकार पर कोई समझौता नहीं हो सकता।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव विक्रम सिंह पुन्डीर ने कहा कि 8 अक्टूबर के कार्यक्रम में कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन के सभी सहयोगी दल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जिला, शहर और ब्लॉक स्तर पर संयुक्त कार्यक्रमों के माध्यम से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

समाजवादी पार्टी की नेता हेमा बोरा ने कहा कि सभी सहयोगी दल इस संघर्ष में साथ हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से आगे भी कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल