भाजपा महिला मोर्चा ने फूंका कांग्रेस का पुतला, दुष्प्रचार पर जताई नाराजगी
हरिद्वार, 10 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा ने चंपावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस के खिलाफ रविवार को हरिद्वार के चंद्राचार्य चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर प्रदेश में कथित दुष्प्रचार के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के बाद महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता पर कांग्रेस पर महिलाओं के मुद्दों पर दोहरे मापदंड अपनाने और चंपावत मामले को राजनीतिक रंग देकर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। हरिद्वार मेयर किरण जैसल ने कहा कि कांग्रेस नेता महिलाओं के प्रति असंवेदनशील रवैया अपना रहे हैं और बिना तथ्यों को जाने जनता के सामने भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह की राजनीति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अन्नू कक्कड़ ने कांग्रेस पर दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस की “घटिया मानसिकता” का मुंहतोड़ जवाब देंगी। उन्होंने दावा किया कि जांच में सामने आए तथ्यों से स्पष्ट है कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के मुद्दों पर गंदी राजनीति कर रही है और आने वाले समय में प्रदेश की महिलाएं उसे करारा जवाब देंगी। प्रदर्शन में जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, आशु चौधरी, लव शर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, आशीष चौधरी, शिवा चौहान, प्रदेश आईटी संयोजक रंजना चतुर्वेदी, चित्रा शर्मा, विमला ढौंढियाल, शर्मिला बगवाड़ी, सुषमा चौहान, चंचल, प्रमिला चौहान, लता गोयल, दीपिका शर्मा, रंजीता चौहान, नीति शर्मा, संगीता प्रजापति और लोकेश पाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला