धूमधाम से मनाया गया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस

 


हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस आज भाजपा जिला कार्यालय हरिद्वार में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा फहराया तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल ने सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। इससे पहले पार्टी को जनसंघ के नाम से जाना जाता था। आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और देश के अनेक राज्यों में भाजपा तथा उसकी समर्थित पार्टियों की सरकार है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार चला रही है। पार्टी को इस मुकाम तक पहुंचाने में लाखों कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा, त्याग और देशभक्ति का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। करोड़ों लोगों के पसीने और समर्पण से ही भारतीय जनता पार्टी का उदय संभव हुआ है।

संदीप गोयल ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है, जो भारत को मजबूत, समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, आशु चौधरी, तरुण नैय्यर, निपेंद्र सिंह, रिशु चौहान, रितु ठाकुर, अरविंद कुशवाहा, नकली राम सैनी, धर्मेंद्र चौहान, लोकेश पाल, एजाज हसन, संजीव कुमार, मनोज शर्मा, उमेश पाठक, विशाल गर्ग, आशी शर्मा, विमला ढौंडियाल, डॉ. प्रदीप चौधरी, राजेश रस्तोगी, संदीप मेहता, राजीव भट्ट, भूप सिंह, रेनू शर्मा, संगीता, प्रताप प्रधान, रीता सैनी, विपिन शर्मा, राजवीर कलानिया, रंजीता चौहान, अंशु कुमार, सतीश कुमार, आशीष जैन, आशीष चौधरी, मनोज चौहान, पंकज बागड़ी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला