सुरक्षा व शांति व्यवस्था में बेहतर तालमेल बनाएगी पुलिस व बीएसएफ

 


नैनीताल, 12 मई (हि.स.)। सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सुनार व जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भेंट कर शांति व सुरक्षा पर बात की। इस दौरान जनपद में कानून व्यवस्था, पर्यटन व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक ने जनपद में शांति व्यवस्था ड्यूटी हेतु तैनात एसएसबी अधिकारियों एवं जवानों का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को पर्यटकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और जनपद पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने पर बल दिया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी पुलिस व एसएसबी के बीच बेहतर तालमेल, सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रयासों से जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, द्वितीय कमान अधिकारी नरेश कुमार तथा सहायक कमांडेंट प्रशांत पोटभरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी