टिहरी के चार खिलाड़ियों ने उत्तराखंड की टीम से किया शानदार प्रदर्शन

 

नई टिहरी, 26 सितंबर (हि.स.)। टिहरी जनपद के चार खिलाड़ियों ने सीआईएससीई नेशनल हॉकी प्रतियोगिता (अंडर-19) में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड की टीम को उपविजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रतियोगिता बीते 18 से 22 सितंबर तक फील्ड मार्शल करियप्पा हॉकी स्टेडियम बेंगलुरु में आयोजित हुई। जिसमे देशभर के 12 राज्यों की टीमों ने प्रतिभाग किया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि उत्तराखंड की टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। रावत ने बताया कि टीम में टिहरी जिले के अग्रिम डोभाल, सार्थक रागंड, चौतन्य जैन और श्रेयांश बिजल्वाण का चयन हुआ था।

बताया कि यह चारों खिलाड़ी ओंकारानंद स्कूल मुनिकरीेती के छात्र हैं। उन्होंने खिलाडियों को बधाई देते हुए आगे भी इस तरह के प्रदर्शन के लिए परिश्रम और अभ्यास की सलाह दी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी