एनएच-09 पर एचपी बेंड में रात का यातायात प्रतिबंधित
पिथौरागढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर किमी 168.600 से 168.800 के बीच घाट बेंड/मुन्ना बेंड स्थित एचपी बेंड के ऊपर पहाड़ी से लगातार पत्थर, बोल्डर और मलबा गिरने के कारण रात्रिकालीन यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है।
उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा ने बताया कि उक्त मार्ग अत्यंत संवेदनशील एवं कमजोर स्थिति में है। दिन और रात पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने की घटनाएं हो रही हैं। कार्यदायी संस्था की मशीनों से मलबा हटाकर यातायात सुचारू रखने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
जनसुरक्षा के दृष्टिगत इस मार्ग पर प्रतिदिन शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और स्थिति सामान्य होने तक प्रभावी रहेगा।
उपजिलाधिकारी ने प्रभारी यातायात को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वाहन चालकों और आमजन से प्रतिबंधित अवधि में उक्त मार्ग पर आवागमन न करने तथा प्रशासन और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय