स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए नैनीताल में निकली गुलाबी रैली

 


नैनीताल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आशा फाउंडेशन की ओर से शनिवार को नगर में ‘गुलाबी रैली’ और स्वास्थ्य जागरूकता समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, पर्यटकों, नगर के गणमान्य नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।

माल रोड पर निकाली गई रैली के बाद मल्लीताल स्थित डीएसए मैदान में समारोह आयोजित कर लोगों को स्तन कैंसर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायाधीश न्यायमूर्ति आलोक मेहरा रहे।

सुबह आठ बजे डीएसए मैदान से शुरू हुई ‘गुलाबी रैली’ माल रोड होते हुए इंडिया होटल तक पहुंची और वहां से वापस मल्लीताल लौटी। रैली में शामिल विद्यार्थी, पर्यटक और नगरवासी गुलाबी रंग के परिधानों में नजर आए। यह आयोजन आशा फाउंडेशन की ओर से वर्ष 2019 से लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष पिंक रैली का सातवां संस्करण आयोजित किया गया।

आशा फाउंडेशन की संस्थापक आशा शर्मा ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना और उन्हें समय पर जांच तथा उपचार के महत्व की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं स्वास्थ्य के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं होने के कारण बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देती हैं। यदि शुरुआत में ही लक्षणों की पहचान हो जाए तो समय पर उपचार संभव हो सकता है।

उन्होंने कहा कि संस्था स्तन कैंसर के साथ ही सर्वाइकल कैंसर, महिला स्वच्छता और पेलिएटिव केयर के प्रति भी जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में भी महिलाओं तथा छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करती है। अब तक हजारों ग्रामीण महिलाओं और छात्राओं को इसके तहत निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गये हैं।

डीएसए मैदान में आयोजित समारोह में स्वास्थ्य विशेषज्ञों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी देते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या, आईजी निवेदिता कुकरेती, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, रुद्रपुर पार्क मेडिमिटी हॉस्पिटल के वाईएस भाकुनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत, बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस, एसएसपी और एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी, बिड़ला ओल्ड बॉयज सोसाइटी के पूर्व छात्र और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी