बेतालघाट में खाई में गिरी पिकअप, चालक घायल
नैनीताल, 07 मई (हि.स.)। जनपद के बेतालघाट क्षेत्र में गुरुवार को एक पिकअप वाहन सड़क से लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में पिकअप का चालक घायल हो गया। उसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बचा कर उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नौगांव निवासी पिकअप चालक का वाहन ग्राम डाबर बेतालघाट के समीप अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। दुर्घटना में चालक के सिर में चोट आई है, हालांकि उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाकर घायल चालक को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया तथा उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने बताया कि चालक की हालत खतरे से बाहर है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी