नैनीताल के होटल में पौड़ी के युवक की संदिग्ध परिस्थितियाें में मौत

 




नैनीताल, 22 फ़रवरी (हि.स.)। हल्द्वानी रोड पर स्थित एक होटल के एक कमरें में कोटद्वार से घूमने आए 20 वर्षीय युवक की शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हाेटल स्वामी की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सतपुली, कोटद्वार निवासी 20 वर्षीय सुमित सिंह अपनी महिला मित्र के साथ नैनीताल घूमने आया था। होटल स्वामी ने बताया कि रात्रि लगभग 2 बजे युवती ने युवक के अस्वस्थ होने की जानकारी दी। इसके बाद होटलकर्मियों ने उसे तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर दोनों के परिजन नैनीताल पहुंच गए। परिजनों के अनुसार युवक और युवती मित्र थे। युवक हाल ही में अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती हुआ था। बताया गया कि दोनों बाबा नीब करौरी के दर्शन और आशीर्वाद लेने नैनीताल आए थे, जिसकी जानकारी परिजनों को भी थी।जानकारी के अनुसार युवक को पहले से खांसी की शिकायत थी और वह खांसी की दवाई, सिरप और गोली ले रहा था। इस बीच उसके शीतल पेय पीने की भी बात सामने आई है। संभवतः इसके बाद उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई और उसकी हालत बिगड़ गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माैत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। मामले में युवती से पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी