नीट परीक्षा को लेकर एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा

 


पौड़ी गढ़वाल, 18 जून (हि.स.)। 21 जून को जनपद पौड़ी के दो परीक्षा केंद्रों-केंद्रीय विद्यालय पौड़ी एवं राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा तैयारियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने व किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि एवं बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूर्ण मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह