शराब पीकर वाहन चलाने पर दो गिरफ्तार, बाइक और स्कूटी सीज
पौड़ी गढ़वाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कोतवाली पौड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए। पुलिस ने 17 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चालकों में गडोली निवासी दीपक रावत और धुलेत गांव निवासी अरविंद शामिल हैं। दोनों के शराब पीकर वाहन चलाने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिए। कोतवाल जयपाल नेगी ने बताया कि इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत नौ चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट के तीन, नो पार्किंग के पांच और ट्रिपल राइडिंग का एक चालान शामिल है। वहीं, ऑपरेशन प्रहार के तहत दो व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत भी दो व्यक्तियों के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त कोटपा अधिनियम के तहत चार चालान किए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह