दोगुना मुनाफे का झांसा देकर करोड़ाें की ठगी, आराेपित गुजरात से गिरफ्तार

 

पौड़ी गढ़वाल, 25 अगस्त (हि.स.)। निवेश की रकम करीब एक साल में दोगुनी करने का झांसा देकर 3.30 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में पौड़ी पुलिस ने मुख्य आरोपियों में शामिल कथित डॉक्टर ज्योति श्रॉफ को गुजरात से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को श्री महाकाली ग्रुप कंपनी का प्रतिनिधि बताकर वर्ष 2021-22 में वादिनी, उनके पति, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया था। विभिन्न निवेश योजनाओं में पैसा लगाने पर जल्द रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया गया। झांसे में आकर पीड़ित पक्ष ने कुल 3.30 करोड़ रुपये निवेश कर दिए।

समय पूरा होने के बाद न लाभांश मिला और न ही मूलधन वापस किया गया। इसके बाद 12 जनवरी 2024 को शैली लिंगवाल ने राजस्व क्षेत्र सितोनस्यूं में शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पर्याप्त साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। पुलिस की कार्रवाई से निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह